हापुड़ में सांप्रदायिक तनाव की आहट ,पुलिस चौकी के सामने भगवान का नाम मिटाने पर हंगामा, विशेष समुदाय के आरोपी सफेद रंग पोतने का आरोप, आरोपी पर कार्यवाही की मांग को लेकर लोगों में आक्रोश

हापुड़ में सांप्रदायिक तनाव की आहट 'श्री राधा रानी' के नाम पर पोता सफेद रंग, पुलिस चौकी के सामने......

हापुड़ में सांप्रदायिक तनाव की आहट ,पुलिस चौकी के सामने भगवान का नाम मिटाने पर हंगामा, विशेष समुदाय के आरोपी सफेद रंग पोतने का आरोप, आरोपी पर कार्यवाही की मांग को लेकर लोगों में आक्रोश
प्रतीकात्मक फोटो

ब्यूरो रिपोर्ट : News Flash INDIA : उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से एक बेहद संवेदनशील और तनावपूर्ण मामला सामने आया है, जहां धार्मिक आस्था पर चोट किए जाने के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया। यह पूरा घटनाक्रम हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मेरठ गेट पुलिस चौकी के ठीक सामने का है। आरोप है कि एक विशेष समुदाय के युवक ने दूषित मानसिकता का परिचय देते हुए दीवार पर लिखे भगवान के नाम को मिटाने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस चौकी परिसर में ही दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर हंगामा हुआ।

विवाद की मुख्य वजह और पूरा घटनाक्रम

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के बीचों-बीच स्थित मेरठ गेट पुलिस चौकी के समीप एक हिंदू दुकानदार की दीवार पर एक धार्मिक संस्था द्वारा 'श्री राधा रानी लाडो' नाम का एक धार्मिक लोगो (प्रतीक चिह्न) बनाया गया था। स्थानीय निवासियों और हिंदू संगठनों का कहना है कि पूरे शहर में धार्मिक आस्था और प्रभु नाम के प्रचार-प्रसार के लिए ऐसे लोगो लगाए जा रहे हैं।

​आरोप है कि इस दीवार के ठीक बगल में लंबे समय से एक मुस्लिम समाज का युवक अवैध रूप से जूस का ठेला लगाता आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उक्त ठेले वाले ने दीवार पर लिखे 'श्री राधा रानी' के नाम के ऊपर व्हाइट पेंट (सफेद रंग) फेर दिया और उस पवित्र नाम को पूरी तरह से दबाने या मिटाने की कोशिश की।

विरोध के बाद आरोपी ने दोबारा लिखवाया नाम

​जैसे ही इस कृत्य की जानकारी स्थानीय लोगों और हिंदू समुदाय के युवाओं को हुई, पूरे क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोग इस हरकत का विरोध करने घटना स्थल पर एकत्र हो गए। जब आरोपी पक्ष पर जन-दबाव बढ़ा और मामला पुलिस तक पहुंचने लगा, तो कानूनी कार्यवाही के डर से आरोपी ने आनन-फानन में उसी सफेद पेंट के ऊपर दोबारा 'श्री राधा रानी' का नाम लिखवा दिया, जिसके साक्ष्य दीवार पर साफ नजर आ रहे हैं।

​शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरोपी ने भले ही जन-दबाव और पुलिसिया कार्यवाही के डर से नाम दोबारा लिखवा दिया हो, लेकिन उसकी यह हरकत दो समुदायों के बीच आपसी भाईचारा बिगाड़ने और शहर का शांत माहौल खराब करने की सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।

पुलिस चौकी में तीखी बहस और अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग

​धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग को लेकर जब स्थानीय नागरिक मेरठ गेट पुलिस चौकी पहुंचे, तो वहां स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान वहां दूसरा पक्ष भी आ पहुंचा और पुलिस चौकी परिसर के अंदर ही दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और बहस शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में भी दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर चिल्लाते और उग्र होते दिखाई दिए।

​शिकायत लेकर पहुंचे नागरिकों ने पुलिस प्रशासन के सामने यह गंभीर मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया कि पुलिस चौकी के ठीक सामने मुख्य सड़क पर सरेआम अवैध रूप से अतिक्रमण कर जूस का ठेला लगाया जाता है, जिससे वहां हमेशा भीड़भाड़ और विवाद की स्थिति बनी रहती है। नागरिकों ने दोटूक शब्दों में कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने इस दूषित मानसिकता वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्यवाही नहीं की और वहां से अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया, तो वे आगे की रणनीति तय करने को मजबूर होंगे।