हापुड़ : दुष्कर्म करने वाला आरोपी जोगेंद्र गिरफ्तार, पुलिस की चौखट पर समझौते के प्रयास के बाद आखिरकार खाकी ने कसा शिकंजा
हापुड़ में नाबालिग को ईख के खेत में खींचकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी जोगेंद्र गिरफ्तार, पुलिस की चौखट पर समझौते के प्रयास के बाद आखिरकार खाकी ने कसा शिकंजा
ब्यूरो रिपोर्ट : News Flash INDIA: उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कानून-व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखकर एक दबंग ने नाबालिग मासूम को अपनी हवस का शिकार बना डाला। घटना थाना हापुड़ नगर क्षेत्र की है, जहाँ एक नाबालिग लड़की को ईख के खेत में जबरन खींचकर उसके साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। इस बर्बरता का विरोध करने पर आरोपी के हौसले इतने बुलंद थे कि उसने पीड़ित परिवार के घर में घुसकर परिजनों की भी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।

पुलिस की चौखट पर घंटों चला समझौते का खेल
घटना के बाद जहाँ एक तरफ पीड़ित परिवार सदमे में न्याय के लिए भटक रहा था, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर इस बेहद गंभीर और संवेदनशील मामले को रफा-दफा करने की पुरजोर कोशिशें शुरू हो गईं। पुलिस थाने के भीतर और बाहर रसूखदारों की मौजूदगी में घंटों तक 'समझौते का खेल' चलता रहा। पीड़ित पक्ष पर लगातार मामले को दबाने और कानूनी कार्रवाई न करने का मानसिक दबाव बनाया गया। इसी बीच आज कोर्ट परिसर में भी पीड़ित परिवार को डराकर बयान बदलने का खेल अभी भी जारी है इस ढुलमुल रवैए और प्रशासनिक सुस्ती ने शुरुआती दौर में खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे, जिससे स्थानीय जनता का गुस्सा और भड़क उठा।
चौतरफा दबाव के बाद जागी पुलिस, बस अड्डे के पास से दबोचा गया आरोपी
मामले के तूल पकड़ने और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद थाना हापुड़ नगर पुलिस ने त्वरित एक्शन मोड में आते हुए अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत जाल बिछाया। पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट के मुताबिक, पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद वांछित अभियुक्त जोगेंद्र पुत्र ब्रह्मपाल सिंह निवासी ग्राम बदनौली, थाना हापुड़ नगर, जनपद हापुड़ को ग्राम बदनौली बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
इस वांछित आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाने और क्षेत्र में कानून का इकबाल बुलंद करने में थाना हापुड़ नगर की इस पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही:
- उ0नि0 श्री ओमप्रकाश सिंह (थाना हापुड़नगर, जनपद हापुड़)
- उ0नि0 श्री गौरव कुमार (थाना हापुड़नगर, जनपद हापुड़)
- है0का0 982 मोनू मलिक (थाना हापुड़नगर, जनपद हापुड़)
- रि0का0 302 जतिन दिवाकर (थाना हापुड़नगर, जनपद हापुड़)