Hapur Crime News: नाबालिग मासूम को गन्ने के खेत में खींचकर हैवानियत, विरोध करने पर दबंग ने घर में घुसकर परिजनों को पीटा, पुलिस की चौखट पर घंटों हुआ समझौते का खेल
हापुड़ निवासी पीड़ित परिवार का दावा हैं कि आरोपी जोगिन्द्र पुत्र ब्रह्मपाल सिंह जाट ने मासूम से दरिंदगी , घंटों पुलिस की चौखट पर चला रसूख ओर समझौते का खेल पर मासूम ने.....
ब्यूरो रिपोर्ट : News Flash INDIA:
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद ही दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ नगर कोतवाली क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग मासूम बच्ची को गाँव के ही एक दबंग युवक ने अपनी हवस का शिकार बनाया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पीड़ित परिवार के घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज भी की। नाबालिग मासूम के साथ हुई दरिंदगी के मामले में अब स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तरफ जहां पीड़ित परिवार पहले से ही खौफ और सदमे में है, वहीं दूसरी तरफ न्याय की गुहार लगाने पहुंचे परिजनों को कोतवाली में घंटों इंतजार कराने और उन्हें हतोत्साहित करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
गन्ने के खेत में खींचकर वारदात को दिया अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना गुरुवार 4 जून की है। पीड़ित नाबालिग बच्ची जब अपने किसी काम से बाहर जा रही थी, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपी जोगिन्द्र पुत्र ब्रह्मपाल सिंह जाट ने उसे अकेला पाकर रोक लिया। आरोपी जबरन मासूम को खींचकर पास के ही एक गन्ने ईख के खेत में ले गया, जहाँ उसने मासूम के साथ दरिंदगी की।
वारदात के बाद बदहवास और सहमी हुई बच्ची किसी तरह रोती हुए अपने घर पहुँची और अपनी माँ को पूरी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
घर में घुसकर परिजनों को पीटा, जान से मारने की धमकी
इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के हौसले इतने बुलंद थे कि वह बिना किसी डर के पीड़ित परिवार के घर तक पहुँच गया। पीड़ित पिता के अनुसार, आरोपी जोगिन्द्र अपनी मोटरसाइकिल से उनके घर में जबरन घुस आया और घर पर मौजूद महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। जाते-जाते आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, हड़बड़ाहट में भागते समय आरोपी की मोटरसाइकिल की चाबी पीड़िता के घर पर ही छूट गई।
"घंटों कोतवाली में बैठाया, हतोत्साहित करने का प्रयास किया" — पीड़ित परिवार
घटना के बाद न्याय की उम्मीद लेकर कोतवाली पहुंचे पीड़ित परिवार को पुलिस के रवैये से भारी मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि एफआईआर दर्ज करने और मेडिकल जांच के नाम पर उन्हें दोपहर से लेकर शाम के करीब साढ़े 7 बजे तक घंटों कोतवाली में बैठाए रखा गया। इसके साथ ही परिजनों का यह भी कहना है कि पुलिस द्वारा उन्हें कई प्रकार से हतोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे डरे हुए हैं।
देर शाम दर्ज हुई FIR, आरोपी अब भी फरार
भारी दबाव और शिकायत के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी जोगिन्द्र के खिलाफ FIR संख्या 0289 दर्ज की। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (B.N.S. 2023) और पॉक्सो एक्ट के तहत निम्नलिखित गंभीर धाराएँ लगाई गई हैं:
- धारा 65(1) BNS: नाबालिग से दुष्कर्म
- धारा 351(3) BNS: जान से मारने की धमकी देना
- धारा 3 व 4(2) पॉक्सो एक्ट (POCSO Act, 2012): यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण
फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा नाबालिग पीड़िता को मेडिकल जांच के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उसका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी जोगिन्द्र की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। लेकिन पुलिस के शुरुआती ढीले रवैये और पीड़ित परिवार को परेशान करने के आरोपों ने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।