UP CRIME : गवाही देने जा रहे युवक को रास्ते में घेरकर पीट-पीटकर मार डाला

ज़मीनी विवाद में 307 की गवाही से रोकने के लिए बाइक में मारी टक्कर, फिर सड़क पर ही ली जान; लाइव वीडियो आया सामने......

UP CRIME : गवाही देने जा रहे युवक को रास्ते में घेरकर पीट-पीटकर मार डाला

हापुड़ में बेखौफ बदमाशों का तांडव: कोर्ट में गवाही देने जा रहे युवक को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों और हथौड़े से पीट-पीटकर मार डाला

News Flash INDIA 

ब्यूरो रिपोर्ट: News Flash INDIA: हापुड़  : उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। थाना हापुड़ देहात क्षेत्रान्तर्गत ददायरा चौराहे से दिनेश विद्यापीठ चौकी की तरफ जाने वाली सड़क पर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम मौहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी के रूप में हुई है। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

307 के मामले में गवाही देने जा रहा था गौरव

मृतक के परिजनों के अनुसार, गौरव त्यागी गांव के ही एक पुराने ज़मीनी विवाद से जुड़े धारा 307 (हत्या के प्रयास) के मुकदमे में अपनी गवाही देने अदालत जा रहे थे। रास्ते में चार दबंगों—कुलदीप, प्रदीप, अमित और उनके एक अन्य साथी ने गौरव की बाइक में ज़ोरदार टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें सड़क किनारे घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।

मोबाइल में कैद हुई हैवानियत, हाथ में दिखा हथौड़ा

वारदात के वक्त वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने अपने मोबाइल कैमरे में इस हैवानियत की वीडियो चुपके से रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में आरोपी गौरव को ज़मीन पर गिराकर डंडों से बेरहमी से पीटते दिख रहे हैं, जबकि एक आरोपी के हाथ में हथौड़ा भी साफ नज़र आ रहा है। जब हमलावरों की नज़र मोबाइल बना रहे युवक पर पड़ी, तो उन्होंने उसे धमकाकर फोन नीचे करवा दिया, जिसके बाद वीडियो बंद हो गई। हालांकि, तब तक आरोपियों की पूरी करतूत कैमरे में कैद हो चुकी थी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस की 3 टीमें गठित

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल गौरव को तत्काल देवनंदनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान गौरव ने दम तोड़ दिया।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी नगर (CO City) अनीता चौहान ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है। अभियुक्तों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 03 विशेष टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।