हापुड़: PMVBRY योजना से उद्योगों को मिलेगा आर्थिक प्रोत्साहन, रोजगार के खुलेंगे नए द्वार

औद्योगिक क्षेत्र में 'कॉस्ट कटिंग' और 'हायरिंग' दोनों में संतुलन बनाने के लिए उपयोगी व्यवस्था.....

हापुड़: PMVBRY योजना से उद्योगों को मिलेगा आर्थिक प्रोत्साहन, रोजगार के खुलेंगे नए द्वार

Special Report- निशांक शर्मा: News Flash INDIA -जनपद हापुड़ के UPSIDC औद्योगिक क्षेत्र, मसूरी गुलावठी रोड स्थित उद्यमियों के बीच केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' (PMVBRY) को लेकर जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य उद्योगों में रोजगार के नए अवसरों को प्रोत्साहित करना और सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के बारे में जानकारी साझा करना था।

ईपीएफओ (EPFO) ने दी योजना की विस्तृत जानकारी

बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के पीएफ इंस्पेक्टर श्री सुदीप कुमार सिंह ने उद्योगपतियों को योजना की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत नए कर्मचारियों की नियुक्ति पर उद्योगों को प्रतिमाह आर्थिक प्रोत्साहन (सब्सिडी) दी जाएगी। इससे न केवल उद्योगों की परिचालन लागत में कमी आएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी भारी बल मिलेगा।

कर्मचारियों और उद्यमियों दोनों के लिए फायदेमंद

श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि पहली बार ईपीएफओ में पंजीकृत होने वाले कर्मचारियों को सरकार की ओर से सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। इससे असंगठित क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों को औपचारिक अर्थव्यवस्था में आने का प्रोत्साहन मिलेगा। योजना की पंजीकरण प्रक्रिया को सरल रखा गया है ताकि अधिक से अधिक उद्योग इसका लाभ उठा सकें।

उद्यमियों ने दिखाई सक्रियता

एमजीआर इंडस्ट्रियलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस पहल का स्वागत किया। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष धीरज तोमर और सचिव सुदीप चौधरी ने कहा कि यह योजना उद्योगों के विस्तार और मैनपावर बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। उपस्थित उद्यमियों ने विश्वास दिलाया कि वे अपनी इकाइयों में अधिक से अधिक पंजीकरण कराकर रोजगार के अवसर पैदा करेंगे।

बैठक में ये रहे मौजूद:

इस अवसर पर अतुल बाटला (कोषाध्यक्ष), संजीव गोयल (संयुक्त सचिव), नितिन गोयल (प्रवक्ता), शिव कुमार गुप्ता, महेश शर्मा, अनुज जैन (कार्यकारिणी सदस्य), अजय सिंह, सुरजीत सिंह और दीपक गुप्ता सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य उद्योगपति उपस्थित रहे।