Woman Lawyer Attacked : कचहरी परिसर में महिला वकील पर जानलेवा हमला, सिर दीवार से टकराया: तारीख पर आए परिवार का बचाव करने पर दबंगों ने बरपाया कहर
कचहरी परिसर में तारीख पर आए परिवार पर दबंगों ने सरेआम हमला किया। बीच-बचाव करने उतरी महिला वकील अनीता सिंह भी इन दबंगों....
मुरादाबाद कचहरी परिसर में महिला वकील पर जानलेवा हमला, सिर दीवार से टकराया: तारीख पर आए परिवार का बचाव करने पर दबंगों ने बरपाया कहर

ब्यूरो रिपोर्ट: News Flash INDIA: मुरादाबाद:- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद स्थित कचहरी परिसर (सिविल कोर्ट कंपाउंड) में उस समय हड़कंप मच गया और सनसनी फैल गई, जब पैरवी कर रहीं महिला वकील अनीता सिंह (सुनीता) पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। कोर्ट परिसर से बाहर निकलते ही घात लगाए बैठे दबंगों द्वारा पीड़ितों के साथ की जा रही बर्बरता के बीच जब महिला वकील ने अपना फर्ज निभाते हुए बीच-बचाव और बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर हिंसक हमला कर दिया। इस हमले में महिला वकील का सिर सीधे दीवार से जा टकराया, जिससे वे गंभीर रूप से चोटिल हो गईं।
फर्ज निभाते समय महिला वकील पर हमला, बुजुर्ग का भी टूटा हाथ
महिला वकील अनीता सिंह ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे अपने मवक्किल का वारंट रिकॉल कराने के सिलसिले में कोर्ट में मौजूद थीं। जैसे ही सुनवाई के बाद वे और पीड़ित परिवार कोर्ट के दरवाजे से बाहर निकले, विपक्षी नाजिम और उसके साथ आए बदमाशों ने उनके मवक्किलों को घेर लिया और कॉलर पकड़कर गला घोंटने तथा जान से मारने का प्रयास किया।

जब महिला वकील ने अपने मवक्किलों को बचाने और मामले को शांत कराने का प्रयास किया, तो बेखौफ दबंगों ने वकील की गरिमा को ताक पर रखते हुए उन पर भी हमला बोल दिया। हाथापाई के दौरान महिला वकील का सिर दीवार से टकरा गया। वहीं, बीच-बचाव के दौरान 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला राबिया का हाथ टूट गया (फ्रैक्चर) तथा परिवार के अन्य सदस्यों को भी गंभीर चोटें आईं।
लाइव वीडियो आया सामने, कचहरी में मची भगदड़
कचहरी जैसे हाई-सिक्योरिटी वाले स्थान पर महिला अधिवक्ता पर हुए इस हमले के दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई। इस पूरी मारपीट और दबंगई का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दबंग सरेआम मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद कचहरी परिसर में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया।

पारिवारिक विवाद और रंजिश में हुई वारदात
पीड़ित पक्ष की बुजुर्ग महिला राबिया, नाज़िर अहमद और मोहम्मद रज़ा ने बताया कि यह हमला पूर्व नियोजित था। आरोपी नाजिम के उनकी रिश्तेदार (बेटे की बहू सना) के साथ संबंध हैं, जिसके चलते वह उन पर लगातार मुकदमे दर्ज कराकर दबाव बनाता है और कोर्ट की तारीख पर आने पर जान से मारने की धमकियां देता है।
महिला वकील ने बताया कि आरोपी पक्ष को उम्मीद थी कि पीड़ित जेल जाएंगे, लेकिन प्रभावी पैरवी के कारण जब वे बाहर आ गए, तो बौखलाए दबंगों ने कोर्ट से बाहर निकलते ही उन पर और उनकी वकील पर यह हिंसक हमला कर दिया।
पीड़ित और महिला वकील पहुंचीं पुलिस स्टेशन, सख्त कार्रवाई का आश्वासन
घटना के तुरंत बाद घायल महिला वकील और सहमे हुए पीड़ित परिवार के लोग सुरक्षा की गुहार लगाते हुए थाना सिविल लाइंस पहुंचे।
महिला अधिवक्ता अनीता सिंह और पीड़ित पक्ष की शिकायत (तहरीर) के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने महिला वकील और पीड़ितों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।