इश्क का हाई वोल्टेज ड्रामा - शोले रिटर्न्स : जब 'वीरू' नहीं माना, तो टावर पर चढ़ गई 'बसंती'!"
ब्यूरो रिपोर्ट - News Flash INDIA- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मऊआइमा इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्यार को पाने के लिए जान की बाजी लगाते हुए हाई-टेंशन बिजली के टावर पर जा चढ़ी। यह पूरा मामला बालडीह गांव का है, जहां प्रेमी के शादी से हिचकिचाने पर नाराज प्रेमिका ने फिल्मी अंदाज में टावर पर चढ़कर अपनी मांग मनवाई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बालडीह गांव की रहने वाली 22 वर्षीय अंजलि (इंटर पास) और उसी गांव के राजकुमार के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। राजकुमार एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। अंजलि लगातार शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन राजकुमार अपने परिवार की असहमति का हवाला देकर पीछे हट रहा था। प्रेमी की इसी 'ना' से आहत होकर अंजलि गांव के बाहर स्थित ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ गई।
- घंटों चला 'शोले' जैसा सीन
अंजलि के टावर पर चढ़ने की खबर जंगल की आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए। अंजलि टावर के ऊपर से चिल्ला रही थी कि "अगर शादी तय नहीं हुई, तो मैं कूदकर जान दे दूंगी।" घरवाले नीचे से गुहार लगाते रहे, लेकिन अंजलि टस से मस नहीं हुई।
- नीचे बैठी पंचायत, तब उतरी युवती

बिगड़ते हालात को देखकर अंजलि के परिवार वालों ने तुरंत राजकुमार और उसके परिजनों को मौके पर बुलाया। टावर के नीचे ही दोनों पक्षों के बीच पंचायत शुरू हुई। पुलिस की मौजूदगी और ग्रामीणों के दबाव के बाद राजकुमार का परिवार शादी के लिए राजी हुआ।
- अनोखी शर्त: टावर से उतरने से पहले अंजलि ने राजकुमार से कसम खिलवाई कि वह अपनी बात से मुकरेगा नहीं। कसम खाने और शादी पक्की होने के आश्वासन के बाद ही वह नीचे उतरी।
- पुलिस की कार्रवाई और समझौता
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। एडिशनल DCP पुष्कर वर्मा ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से टावर के पास जाल और अन्य इंतजाम किए गए थे। बाद में दोनों पक्षों को पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां लिखित समझौता पत्र तैयार किया गया। पुलिस के सामने दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से जल्द शादी कराने का फैसला लिया है।